वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय: 18 खेलों का आयोजन, कबड्डी से होगी शुरुआत
आरा। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू) ने सत्र 2026-27 के लिए अंतर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी पूरी कर ली है। विश्वविद्यालय ने विभिन्न कॉलेजों को खेलों की मेजबानी सौंपते हुए स्पोर्ट्स कैलेंडर तैयार कर लिया है, जिसे एक से दो दिनों में जारी कर दिया जाएगा। इस बार खेलकूद प्रतियोगिताओं की शुरुआत कबड्डी से होगी और सितंबर माह के अंत में ही आयोजन का आगाज हो जाएगा।
शनिवार को स्पोर्ट्स बोर्ड की बैठक कुलपति प्रो शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कॉलेजों की ओर से खेलों की मेजबानी को लेकर सौंपे गए प्रस्तावों पर चर्चा की गई और तय किया गया कि किस कॉलेज को किस खेल की जिम्मेदारी दी जाए।
18 खेलों का आयोजन, दो नए खेल शामिल
इस सत्र में कुल 18 खेलों का आयोजन होगा। खास बात यह है कि इस बार दो नए खेल रग्बी और वेट लिफ्टिंग को खेल कैलेंडर में शामिल किया गया है। एआईयू (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी) की ओर से निर्धारित अंतर विश्वविद्यालय खेल आयोजन की तिथि से मिलान करके ही वीकेएसयू ने मेजबानी तय की है।
अधिकतर खेलों का आयोजन इस साल दिसंबर माह तक करने का लक्ष्य रखा गया है। केवल वुशु और हैंडबॉल का आयोजन अगले वर्ष में हो सकता है। अंतिम प्रतियोगिता फरवरी माह तक पूरी होगी।
बहुउद्देशीय हॉल में होंगी 13 प्रतियोगिताएं
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस बार इनडोर गेम का आयोजन वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में खेलो इंडिया के तहत निर्मित बहुउद्देशीय हॉल में कराने का निर्णय लिया गया है। वहीं, आउटडोर गेम की मेजबानी विभिन्न कॉलेजों को उनके प्रस्ताव के आलोक में सौंपी गई है। कॉलेजों में उपलब्ध खेल मैदान, संसाधन और अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी तय की गई है।
वीकेएसयू के पीटीआई यशवंत कुमार ने बताया कि कबड्डी पुरुष/महिला, टेबल टेनिस पुरुष/महिला, शतरंज पुरुष/महिला, खो-खो पुरुष/महिला, वुशु पुरुष/महिला, बास्केटबॉल पुरुष, बैडमिंटन पुरुष, कुश्ती पुरुष, वॉलीबॉल पुरुष आदि अंतर महाविद्यालय खेलों का आयोजन बहुउद्देशीय हॉल में होगा। इन खेलों के लिए कोर्ट भी बनाए गए हैं। कुल 13 प्रकार के खेल परिसर में होंगे।
पांच खेलों की मेजबानी कॉलेजों को
इस बार केवल पांच खेलों की मेजबानी कॉलेजों को सौंपी गई है। क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, हैंडबॉल और तीरंदाजी के लिए अलग-अलग कॉलेजों को जिम्मेदारी दी गई है।
- महाराजा बहादुर राम रणविजय प्रसाद सिंह कॉलेज में एथलेटिक्स
- जीबी कॉलेज रामगढ़ में फुटबॉल
- एसवीपी कॉलेज भभुआ में क्रिकेट
- एमवी कॉलेज बक्सर में हैंडबॉल
- जगजीवन कॉलेज में तीरंदाजी
टीम चयन की प्रक्रिया और कॉलेजों की भागीदारी
इंटर कॉलेज टूर्नामेंट के आधार पर ही अंतर विवि की टीमें चुनी जाती हैं। कॉलेजों को सभी खेलों में टीम भेजने को कहा गया है। पिछले कुछ वर्षों में विवि के इंटर कॉलेज टूर्नामेंट में सभी कॉलेजों की सहभागिता नहीं रही है। कुछ खेलों में आधा दर्जन तो कुछ में एक दर्जन कॉलेज ही हिस्सा लेते रहे हैं।
विवि अंतर्गत 19 अंगीभूत और 70 संबद्ध कॉलेज हैं। इस सत्र में 15 राजकीय डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थी भी खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होंगे। कॉलेज प्रति छात्र 60 रुपये स्पोर्ट्स शुल्क वसूलते हैं, जिसमें से 30 रुपये विवि में जमा करते हैं। इस बार कॉलेजों को हर हाल में टीम भेजने का पत्र कैलेंडर के साथ जारी किया जाएगा।
सभी महाविद्यालयों और विभागों को अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेना अनिवार्य है। आयोजक महाविद्यालय और विभाग खेल कैलेंडर में निर्धारित तिथि के अंदर प्रतियोगिता का आयोजन कराएंगे और चयन सूची विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएंगे। सभी प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय अपनी टीम समुचित पोशाक में भेजेंगे। आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रतियोगिता में किसी भी प्रकार से बाहरी खिलाड़ियों का प्रवेश न हो।
बैठक में छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो ओपी राय, मानविकी संकाय डीन प्रो शंभु शरण शर्मा, प्रॉक्टर डॉ नीरज कुमार, एमएम महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो नरेंद्र प्रताप पालित, महाराजा बहादुर राम रणविजय प्रसाद सिंह कॉलेज की प्राचार्या प्रो कनकलता आदि मौजूद थीं।