जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार की मौत
झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी शामिल हैं।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार लोग उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और ट्रक सड़क पर किस स्थिति में खड़ा था। घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते चालक ने सामने खड़े ट्रक को देखकर भी नियंत्रण नहीं पा सका।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत नेताओं ने जताया शोक
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और नेता प्रतिपक्ष बाबू लाल मरांडी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, “जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।”
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल देने की प्रार्थना भी की। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया है, क्योंकि एक पल की लापरवाही कई परिवारों का जीवन उजाड़ सकती है।
Photo: News18 India