नशे में गार्ड्स से बदसलूकती: महिला का सफाई में बड़ा बयान, बोली- 'नहीं है कोई पछतावा'
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाउसिंग सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ कथित बदसलूकती का वीडियो वायरल होने के बाद महिला ने अपनी सफाई दी है। महिला ने माना कि वह घटना के वक्त नशे में थी, लेकिन साफ कहा कि उसे अपने व्यवहार पर कोई पछतावा नहीं है और वह माफी नहीं मांगेगी। यह घटना 25 अगस्त की रात आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी की है, जहां एक डिलीवरी ब्वॉय को रोके जाने पर महिला भड़क गई और गार्ड्स को गालियां दीं।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर अक्सर वीडियो वायरल होते रहते हैं। कभी ये हंसाने वाले होते हैं तो कभी हैरान-परेशान करने वाले। हाल ही में यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में हंगामा करती महिला का वीडियो वायरल हो गया। महिला पर सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ गाली-गलौज, धमकी और कथित जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगा। अब महिला ने सफाई देते हुए साफ कहा कि मैं नशे में और गुस्से में थी। मगर, मुझे मेरे व्यवहार पर कोई पछतावा नहीं है।
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी का है। यहां 25 अगस्त की देर रात डिलीवरी ब्वॉय को वेरिफिकेशन के लिए सोसाइटी गार्ड द्वारा रोके जाने पर एक महिला इस कदर नाराज हो गई की उसने गार्ड को भद्दी-भद्दी गालियां दीं। साथ ही जातीसूचक शब्द भी कहें। घटना का करीब 4 मिनट 52 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला ने गार्ड से कहा, 'तेरी कोई औकात नहीं है मेरे आगे. जूता साफ करवाऊंगी तुझसे.' यहां तक कि गार्ड को जान से मारने की धमकी देती हुई भी सुनाई दीं। इस मामले की शिकायत सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने शुक्रवार को पुलिस में दर्ज कराई।
महिला का बयान: 'मैं नशे में थी, लेकिन कोई पछतावा नहीं'
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 45 साल की येशा कुमार ने इस घटना को एक बुरा सपना बताया, जिसे वह भूलना चाहती हैं। उन्होंने कहा, मैंने रात करीब 2:30 बजे ऑर्डर किया था, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड्स ने डिलीवरी करने वाले व्यक्ति को सोसाइटी के अंदर नहीं आने दिया। उस समय मैंने शराब पी रखी थी और मैं नीचे नहीं जाना चाहती थी, लेकिन वे जिद कर रहे थे कि मैं अपना ऑर्डर लेने के लिए गेट पर आऊं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं मानती हूं कि मैं नशे में थी और गुस्से में थी, लेकिन मुझे किसी भी बात का पछतावा नहीं है. मैं माफी नहीं मांगूंगी क्योंकि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। उनका आरोप है कि सोसाइटी के कुछ लोग और मैनेजमेंट उन्हें निशाना बना रहे हैं, क्योंकि वह अकेली रहती हैं। उन्होंने यह भी बताया, बिना किसी जानकारी के मेरे फ्लैट की बिजली काट दी गई। मेरे घर पर मेड (काम करने वाली) को नहीं आने देते। मैं एक पढ़े-लिखे परिवार से हूं। आप मेरे बैकग्राउंड के बारे में किसी से भी पूछ सकते हैं। मैंने सोसाइटी में कभी किसी को परेशान नहीं किया। मैं अपने घर के अंदर क्या करती हूं, यह मेरा निजी मामला है और किसी को भी इसमें दखल देने या कुछ भी कहने का अधिकार नहीं है।
येशा ने कहा कि ये लोग मुझे पागल कहते हैं, लेकिन मैं पागल नहीं हूं। मैं यहीं रहूंगी। मैंने इस घर में पैसे लगाए हैं। एक महिला को अकेले रहने और अपनी मर्जी से जीने का अधिकार है। मगर, लोगों को बेबाक महिलाएं पसंद नहीं आतीं। मैंने लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन से पढ़ाई की है और एक मॉडल के तौर पर काम किया है। अब इवेंट्स से जुड़ी हुई हूं और मेरा अपना कपड़ों का ब्रांड भी है।
सिक्योरिटी सुपरवाइजर की शिकायत और पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, गार्ड्स ने जेप्टो डिलीवरी एजेंट को गेट नंबर-2 पर रोककर पहले महिला से अनुमति लेने की कोशिश की थी। जब अनुमति नहीं मिली तो डिलीवरी एजेंट ने महिला को फोन कर बताया कि वह गेट पर इंतजार कर रहा है। इसके बाद महिला गेट पर पहुंची और कथित तौर पर गार्ड्स के साथ गाली-गलौज करने लगी। सिक्योरिटी सुपरवाइजर अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि महिला लगातार गाली दे रही थी और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। जब उन्होंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो महिला ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उन्होंने महिला को पीछे किया और उनसे हाथापाई न करने के लिए कहा। इस दौरान उनका फोन जमीन पर गिर गया और उसकी स्क्रीन टूट गई।
पुलिस को दी गई शिकायत में कुल 9 सिक्योरिटी गार्ड्स और सुपरवाइजरों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का जिक्र है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला ने गार्ड्स को गरीब कहकर अपमानित किया और कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणियां भी कीं। सिक्योरिटी स्टाफ ने महिला से सभी गार्ड्स से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही टूटे हुए मोबाइल फोन के नुकसान की भरपाई की मांग भी की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक महिला के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। ये धाराएं मुख्य रूप से निवारक कार्रवाई से जुड़ी हैं। शुक्रवार देर शाम तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
समाज और नैतिकता का सवाल
यह घटना हमें याद दिलाती है कि समाज में सम्मान और शिष्टाचार का होना कितना आवश्यक है। चाहे कोई भी परिस्थिति हो, दूसरों के साथ अभद्रता करना किसी भी सभ्य समाज की परंपरा नहीं है। हमारी सभ्यता ने हमेशा से विनम्रता और संयम का पाठ पढ़ाया है। यह भी सोचने वाली बात है कि क्या हम अपने क्रोध और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर दूसरों के अधिकारों का उल्लंघन कर सकते हैं? एक सशक्त और एकजुट समाज के लिए आवश्यक है कि हम एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहिष्णुता का भाव रखें।