DRDO का सुदर्शन चक्र: अरुध्र रडार स्टील्थ खतरों को देगा मात
स्वदेशी तकनीक से अभेद्य होगा भारतीय आसमान
भारत की रक्षा नीति हमेशा से शांति और अहिंसा के सिद्धांतों पर आधारित रही है, परंतु इतिहास साक्षी है कि दुर्बलता कभी शांति का मार्ग नहीं प्रशस्त कर सकती। इसी सभ्यता की स्मृति और आधुनिक आवश्यकता के साथ रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने 'मिशन सुदर्शन चक्र' के तहत भारतीय वायुक्षेत्र को अभेद्य बनाने का एक महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। इस परियोजना की नई धार 'अरुध्र' रडार है, जो दुनिया की सबसे आधुनिक स्टील्थ तकनीक को चुनौती देने में सक्षम है।
F-35A जेट को ट्रैक करने में सफल अरुध्र रडार
एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित सिमुलेशन में DRDO द्वारा विकसित अरुध्र मीडियम पावर रडार (MPR) ने अमेरिकी F-35A लाइटनिंग II जैसे अत्याधुनिक स्टील्थ लड़ाकू विमान का पता लगाने में सफलता दिखाई है। यह सिमुलेशन भारतीय वायुसेना के इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (IACCS) के साथ रडार के सटीक समन्वय को भी प्रदर्शित करता है। 'डिफेंस डॉट इन' की रिपोर्ट के अनुसार, अरुध्रा रडार स्टील्थ विमानों की कम रडार पहचान क्षमता (Low Observable Signature) को चुनौती दे सकता है। हालांकि यह वास्तविक युद्ध परीक्षण नहीं है, लेकिन यह भारत की वायु रक्षा क्षमता में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि का संकेत है।
IACCS और अरुध्र का संयोजन
अरुध्रा रडार एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे (AESA) तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक बीम स्टीयरिंग से लैस है। यह वास्तविक समय में लक्ष्य की स्थिति, गति और दिशा का डेटा एकत्र करता है। सिमुलेशन में रडार लगातार F-35A के निर्देशांक IACCS को भेजता है, जिससे पूरे हवाई क्षेत्र की एकीकृत और अद्यतित तस्वीर तैयार होती है। भारतीय वायुसेना का IACCS देशभर में मौजूद सैन्य और नागरिक सेंसरों को जोड़कर एक डिजिटल कमांड नेटवर्क तैयार करता है, जो सुरक्षित एयर फोर्स नेटवर्क (AFNET) पर संचालित होता है। यह वायु रक्षा अभियानों का केंद्रीय तंत्र माना जाता है।
मिशन सुदर्शन चक्र और पांचवीं पीढ़ी की चुनौतियां
वर्ष 2035 तक पूरी होने वाली 'मिशन सुदर्शन चक्र' परियोजना का उद्देश्य आधुनिक स्टील्थ खतरों का मुकाबला करना है। DRDO और भारतीय वायुसेना अमेरिकी F-35, रूसी Su-57 और चीनी J-35 जैसे पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों का पता लगाने की क्षमता विकसित कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि कंप्यूटर आधारित मॉडल वास्तविक युद्ध का पूर्ण विकल्प नहीं हो सकते, लेकिन ये सिमुलेशन मल्टी-बैंड फ्रीक्वेंसी वाले 4D रडार की प्रभावशीलता और स्टील्थ कोटिंग्स को कम करने की क्षमता का आकलन करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
स्वदेशी क्षमता का प्रतीक
DRDO की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड रडार डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (LRDE) द्वारा विकसित और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा उत्पादित अरुध्रा एक S-बैंड आधारित 4D रडार है। इसकी अधिकतम रेंज 400 किलोमीटर है। यह 2 वर्ग मीटर रडार क्रॉस सेक्शन वाले लक्ष्य को 300 किलोमीटर की दूरी से पहचान सकता है तथा 100 मीटर से 30 किलोमीटर की ऊंचाई तक निगरानी करने में सक्षम है। सॉलिड स्टेट ट्रांसमीटर मॉड्यूल, ऑटोमेटेड टार्गेट क्लासिफिकेशन और 360 डिग्री निगरानी क्षमता से लैस यह प्रणाली पुराने रडारों की जगह ले रही है।
ड्रोन, क्रूज मिसाइलों और स्टील्थ लड़ाकू विमानों जैसे आधुनिक खतरों के बीच अरुध्र की बढ़ती भूमिका भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता और स्वदेशी रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स में बढ़ती ताकत को दर्शाती है। यह सिर्फ एक तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उस सभ्यता की वापसी का प्रतीक है जो अपनी सुरक्षा स्वयं करने में विश्वास रखती है। शांति की स्थापना के लिए सुरक्षा का मजबूत होना आवश्यक है, और ये स्वदेशी प्रणालियां भारतीय आसमान की अखंडता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।