37 की उम्र में युवा जैसी फिटनेस: विराट कोहली का सत्विक सलाद
भारतीय सभ्यता हमेशा से शरीर और आत्मा के सामंजस्य पर जोर देती रही है। हमारी परंपरा में आहार को केवल भूख मिटाने का साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और ऊर्जा का आधार माना गया है। आज के दौर में इसी प्राचीन ज्ञान को अपनाते हुए, क्रिकेटर विराट कोहली ने अपनी फिटनेस का एक नया उदाहरण पेश किया है। 37 वर्ष की आयु में भी उनकी ऊर्जा और फिटनेस 20 साल के युवक जैसी है। इसका प्रमुख कारण उनका साफ-सुथरा, प्राकृतिक और संतुलित आहार है।
विराट कोहली अपनी शाकाहारी डाइट के लिए जाने जाते हैं। उनके भोजन में प्रोटीन और आवश्यक पोषक तत्वों की कोई कमी नहीं होती, जो उन्हें मैदान पर और उसके बाहर भी ऊर्जावान बनाए रखते हैं। उनका सबसे पसंदीदा सुपरफूड समर सलाद भी इसी दिशा में एक कदम है। यह सलाद दिल्ली स्थित उनके रेस्टोरेंट One8 Commune में 'विराट्स फेवरिट' के तौर पर भी मिलता है। इसमें मौसमी फल, सब्जियां, बीज और स्वस्थ वसा शामिल हैं, जो शरीर को प्राकृतिक रूप से हाइड्रेट और पोषित रखते हैं। आइए जानते हैं इस सलाद की रेसिपी और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में।
सुपरफूड समर सलाद: सामग्री
- रॉकेट लीव्स: 1 कप
- पफ्ड क्विनोआ: 1/4 कप
- रोस्टेड बेल पेपर: 1/4 कप
- कटा हुआ तरबूज: 1 छोटी कटोरी
- कद्दू के बीज: 2 टेबलस्पून
- काजू: 2 टेबलस्पून
ड्रेसिंग के लिए
- ऑलिव ऑयल: 2 टेबलस्पून
- सिरका: 1 टीस्पून
- शहद: 1 टीस्पून
- मस्टर्ड सॉस: 1 टीस्पून
- चिली सॉस: 1/4 टीस्पून
- नमक: स्वादानुसार
सलाद बनाने की विधि
सबसे पहले ड्रेसिंग तैयार करें। एक बाउल में ऑलिव ऑयल, सिरका, शहद, मस्टर्ड सॉस और चिली फ्लेक्स डालकर अच्छे से मिला लें। इसमें स्वादानुसार नमक मिला दें।
अब एक कप पानी को उबालें और उसमें क्विनोआ डाल दें। गैस की आंच धीमी करके लगभग 10 मिनट तक पकने दें। जब क्विनोआ अच्छे से फूल जाए, तो अतिरिक्त पानी निकाल दें।
एक बड़े सलाद बाउल में रॉकेट लीव्स और पकी हुई क्विनोआ डालें। बेल पेपर को सीधे आंच पर भूनकर टुकड़ों में काट लें। तरबूज के छोटे गोल टुकड़े निकालें और इन सबको सलाद बाउल में पफ्ड क्विनोआ और रॉकेट लीव्स के साथ मिला लें।
अब पहले से तैयार ड्रेसिंग डालें और सलाद को अच्छे से टॉस करें। ऊपर से कद्दू के बीज और टूटे हुए काजू डालकर सजाएं। आपका पौष्टिक सलाद तैयार है।
प्राकृतिक अनाज क्विनोआ के लाभ
क्विनोआ एक संपूर्ण प्रोटीन का स्रोत है। इसमें शरीर के लिए आवश्यक सभी नौ अमीनो एसिड्स पाए जाते हैं, जिससे यह शाकाहारियों के लिए एक उत्तम विकल्प है। यह प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-फ्री होता है, इसलिए पाचन में भारीपन नहीं लाता। इसमें फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं। अपने उच्च पोषण के कारण इसे सुपरफूड माना जाता है। इसमें मौजूद मैग्नीशियम, आयरन और जिंक जैसे तत्व शरीर की ऊर्जा को बनाए रखते हैं।
तरबूज: गर्मियों का प्राकृतिक अमृत
हमारी परंपरा में मौसम के अनुसार भोजन करने पर बहुत जोर दिया गया है। गर्मियों में तरबूज उसी का एक उदाहरण है। इसमें 90 प्रतिशत से अधिक पानी होता है, जो शरीर को गर्मी से बचाता है और हाइड्रेटेड रखता है। इसमें विटामिन सी, विटामिन ए और पोटैशियम भरपूर होता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद लाइकोपीन नामक एंटीऑक्सीडेंट हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करता है। यह शरीर की कोशिकाओं को भी ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाता है।